अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,18अगस्त2026
शहर की बदहाल बुनियादी सुविधाओं और नागरिक समस्याओं को लेकर,भारतीय युवा कांग्रेस ने ‘बेहतर सिटीज मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान के तहत रामानुजगंज में आंदोलन का ऐलान किया हैं। युवा कांग्रेस ने शहर की स्वास्थ्य, सफाई, जलभराव, ट्रैफिक, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी 24 प्रमुख मांगें प्रशासन के सामने रखने की तैयारी की हैं।युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,कि शहर की जनता नियमित रूप से टैक्स का भुगतान करती हैं, इसलिए उसे बेहतर और बुनियादी नागरिक सुविधाएं मिलना उसका अधिकार हैं। नेताओं ने चेतावनी दी,कि यदि तय समय-सीमा में समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया तो चरणबद्ध तरीके से जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
🟠वार्ड-वार्ड पहुंचकर जुटाई समस्याएं
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभियान के तहत शहर के अलग-अलग वार्डों, गली-मोहल्लों, चौपाटी, फुटपाथ, सब्जी विक्रेताओं और सफाई कर्मचारियों से संवाद कर समस्याओं की जानकारी जुटाई हैं। इन समस्याओं को संकलित कर नगरपालिका और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा जाएगा।
🟠24 सूत्रीय मांगों में स्वास्थ्य से लेकर ट्रैफिक तक के मुद्दे
युवा कांग्रेस के संकल्प पत्र में कन्हर नदी के संरक्षण और सफाई, दूषित पेयजल की समस्या दूर करने, 100 बिस्तर अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर करने और पुराने अस्पताल में ओपीडी दोबारा शुरू करने की मांग शामिल हैं।इसके अलावा मुख्य बाजार में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या, छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर लगने वाले लंबे जाम से राहत, बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दूर करने और नालियों पर स्लैब लगाने की मांग की गई हैं।शहर में नियमित कचरा उठाव, फॉगिंग, बंद स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा मुख्य चौराहों और सरकारी स्कूलों में CCTV निगरानी की व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी रखी गई हैं।
🟠स्ट्रीट वेंडर्स और बिजली व्यवस्था पर भी जोर
युवा कांग्रेस ने रेहड़ी-पटरी और सब्जी विक्रेताओं को वेंडिंग सर्टिफिकेट देने और उनके लिए उचित स्थान निर्धारित करने की मांग की हैं। वहीं लो-वोल्टेज और बिजली कटौती से राहत के लिए नया सब-स्टेशन बनाने तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की बात कही गई हैं।इसके साथ ही नगरपालिका के पिछले 12 वर्षों के रिकॉर्ड और टेंडर ऑनलाइन सार्वजनिक करने,ऑटो स्टैंड बनाने और बस स्टैंड व प्रमुख चौकों पर यात्री प्रतीक्षालय की व्यवस्था करने जैसी मांगें भी शामिल हैं।
🟠समाधान नहीं हुआ तो होगा जनआंदोलन
युवा कांग्रेस ने कहा,कि इन मांगों को लेकर जल्द ही प्रशासन और नगरपालिका को औपचारिक मांग पत्र सौंपा जाएगा। यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो अभियान को व्यापक रूप देते हुए चरणबद्ध जनआंदोलन किया जाएगा।अभियान से आम लोगों को जोड़ने के लिए युवा कांग्रेस ने मिस्ड कॉल नंबर 9811867474 भी जारी किया हैं। इसके माध्यम से नागरिक अभियान से जुड़कर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।












