बस्तर में सड़क-पुल निर्माण को मिलेगी रफ्तार,दिसंबर तक सभी प्रमुख कार्य पूरे करने के निर्देश

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,18अगस्त2026

बस्तर संभाग में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने, अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दिसंबर 2026 तक भारत सरकार के आरआरपी और आरसीपीएलडब्ल्यूईए के तहत चल रहे सड़क और पुल-पुलियों के कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

🟠15 दिन में होगी कार्यों की समीक्षा

नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में हुई बैठक में सचिव ने अधिकारियों को सभी निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और हर 15 दिनों में कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने कहा। मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन साइट पर जाकर निर्माण सामग्री और कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए।

🟠10 सितंबर तक काम में दिखानी होगी प्रगति

बंसल ने बस्तर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों में काम कर रहे ठेकेदारों को 10 सितंबर तक स्पष्ट कार्य प्रगति दिखाने के निर्देश दिए। अपेक्षित गति से काम नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और जरूरत पड़ने पर उनके अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने ठेकेदारों को अनुबंध के अनुसार आवश्यक प्लांट और मशीनरी कार्यस्थल पर लगाने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की जांच के बाद संबंधित ठेकेदारों का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

🟠दूरस्थ गांवों तक बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर

बैठक में पहुंचविहीन गांवों को जोड़ने के लिए प्रस्तावित सड़कों और पुलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। नए स्वीकृत कार्यों में लंबित भू-अर्जन और वन व्यपवर्तन से जुड़े मामलों की जानकारी शासन को भेजने के निर्देश दिए गए,ताकि उनका जल्द निराकरण कराया जा सके।इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन और सबमिशन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

🟠बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत होगी प्राथमिकता

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। 30 सितंबर तक पेच रिपेयर के लिए एजेंसियों के निर्धारण की निविदा प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। सड़क के गड्ढों को तत्काल भरने और परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत भी जल्द कराने के निर्देश दिए गए।वर्षा के दौरान बाढ़ और अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुल-पुलियों की स्थायी मरम्मत को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।

🟠शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और लोक सेवा गारंटी से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। सचिव ने सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में, निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, उप सचिव अंशिका पाण्डेय, बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एम.एल. उरांव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बस्तर संभाग के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें