जशपुर में ‘साइबर जागृति अभियान’ जारी, ग्रामीणों को साइबर ठगी और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,5सितंबर2026

साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए, जशपुर पुलिस का “साइबर जागृति अभियान” लगातार जारी हैं। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमें आम नागरिकों के बीच पहुंचकर, साइबर ठगी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दे रही हैं।इसी क्रम में 04 सितंबर को यातायात पुलिस एवं सिटी कोतवाली जशपुर की संयुक्त टीम ने ग्राम किनकेल में साइबर जागृति एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लिया।🟠डिजिटल अरेस्ट से लेकर फर्जी लिंक तक, ठगी के तरीकों की दी जानकारी

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे,विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी। विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी/CBI/ED अधिकारी बनकर कॉल करना, OTP मांगना, बैंक एवं ATM संबंधी जानकारी हासिल करना, PIN-पासवर्ड पूछना, आधार संबंधी जानकारी लेना, फर्जी लिंक भेजना और फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए ठगी जैसे मामलों से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।पुलिस ने बताया,कि साइबर ठग अक्सर लोगों को डराकर या लालच देकर उनकी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड PIN, पासवर्ड, बैंक खाते या आधार संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।

🟠‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान

पुलिस ने ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया। बताया गया कि वास्तविक पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को घर में “डिजिटल रूप से गिरफ्तार” करने या ऑनलाइन निगरानी के नाम पर पैसे जमा करने के लिए बाध्य नहीं करती।ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।

🟠साइबर जागरूकता के साथ यातायात सुरक्षा का भी संदेश

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।हेलमेट जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को हेलमेट पहनाकर इसके महत्व की जानकारी दी गई तथा हेलमेट वितरित भी किए गए। पुलिस ने समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में सिर को गंभीर चोट से बचाने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण हैं।

🟠ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की,कि किसी अनजान कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया संदेश पर तुरंत विश्वास न करें और अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करें और पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।पुलिस ने कहा,कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे मजबूत उपाय हैं।कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक के.आर. चौहान, ट्रैफिक प्रभारी खोमराज ठाकुर सहित सिटी कोतवाली एवं यातायात शाखा जशपुर के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें