न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,5सितंबर2026
थाना आस्ता क्षेत्र के ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में,जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मृतिका की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था और उसके बातचीत नहीं करने से नाराज था। मृतिका द्वारा बेटी को परेशान करने से मना करने पर आरोपी ने आवेश में,आकर घर में रखे टांगिया से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष) निवासी ग्राम कोमडो, थाना सिटी कोतवाली जशपुर के रूप में हुई हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी जब्त कर लिया हैं।
🟠घर में अकेली थी महिला,टांगिया से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, 04 सितंबर को मृतिका के पति ने थाना आस्ता में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया, कि 03 सितंबर को दोपहर करीब 11:30 बजे वह मवेशी चराने जंगल की ओर गए थे। शाम करीब 6 बजे वापस लौटने पर उनकी पत्नी धनमनी बाई (55 वर्ष) घर के अंदर जमीन पर घायल अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके चेहरे पर गंभीर चोट थी और पास में टांगिया पड़ा हुआ था।रिपोर्ट के आधार पर थाना आस्ता में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
🟠फॉरेंसिक जांच और पूछताछ से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए,डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस ने परिजनों एवं गवाहों से पूछताछ की।जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली,कि अवधेश राम कुछ दिन पहले मृतिका के घर आया था और उसके साथ विवाद हुआ था। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह अपने गांव में नहीं मिला। तकनीकी टीम की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस को उसके रायडीह, झारखंड में होने की जानकारी मिली।पुलिस टीम ने तत्काल रायडीह पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लेकर आई।
🟠पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसके अनुसार, वह मृतिका की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था। बेटी द्वारा उससे बातचीत नहीं करने पर वह नाराज था। इसी नाराजगी में वह मृतिका के घर पहुंचा।आरोपी के मुताबिक, मृतिका ने उसे अपनी बेटी से बातचीत करने और उसे परेशान करने से मना किया। इसी बात पर वह आवेश में आ गया और घर में रखे टांगिया से महिला के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से धनमनी बाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को 05 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
🟠एसएसपी ने की त्वरित कार्रवाई की पुष्टि
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया,कि ग्राम हर्री में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी जब्त किया गया हैं। मामले में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी हैं।आरोपी की गिरफ्तारी में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, थाना प्रभारी आस्ता उपनिरीक्षक अर्जुन यादव, सउनि अमितलाल टोप्पो सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












