सूरजपुर में पुलिस अधीक्षक की क्राइम मीटिंग, लंबित मामलों के जल्द निराकरण के दिए कड़े निर्देश

न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,9सितंबर2026

जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए,मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने, पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले की अपराध स्थिति, लंबित प्रकरणों और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को प्रत्येक मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए,गुणवत्तापूर्ण विवेचना, मजबूत साक्ष्य संकलन और मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा,कि अपराध नियंत्रण के साथ जनता के साथ बेहतर समन्वय, संवेदनशील पुलिसिंग, लगातार पेट्रोलिंग और मजबूत सूचना तंत्र पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।🟠लंबित अपराध, चालान और मर्ग प्रकरणों की समीक्षा

क्राइम मीटिंग में जिले के सभी थानों और चौकियों में, लंबित अपराधों की स्थिति की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए,मामलों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।लंबित चालान और मर्ग प्रकरणों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने को कहा गया। वहीं, आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, निष्पक्ष जांच और समय पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

🟠सिर्फ FIR नहीं, आरोपी को सजा दिलाना लक्ष्य

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने,अधिकारियों को निर्देशित किया,कि केवल FIR दर्ज करना पुलिस की जिम्मेदारी पूरी नहीं करता। प्रत्येक मामले में घटना के कारण, परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच की जाए।उन्होंने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों सहित सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को जुटाकर मजबूत विवेचना और अभियोजन तैयार करने के निर्देश दिए। फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, समय पर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने और आरोपियों को सजा दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

🟠बीट पुलिसिंग और सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश

थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीट क्षेत्र की नियमित जानकारी रखने, आम नागरिकों से संपर्क बनाए रखने और क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों की जानकारी जुटाने पर जोर दिया गया।जिले में बिना नंबर और संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराध से बचाव, नशे से दूरी और यातायात नियमों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने कहा गया।

🟠अपराध नियंत्रण के लिए बढ़ाया जाएगा CCTV नेटवर्क

अपराध नियंत्रण और अपराधियों की पहचान के लिए, जिले के प्रमुख स्थानों तथा शहर से बाहर निकलने वाले मुख्य मार्गों पर,जनसहयोग से CCTV कैमरों का नेटवर्क बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों और दुकानदारों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के आसपास CCTV कैमरे लगवाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। साथ ही कैमरों का फोकस मुख्य मार्गों और आने-जाने वाले रास्तों की ओर रखने के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि अपराध की स्थिति में पुलिस को महत्वपूर्ण फुटेज मिल सके।

🟠गणेश उत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

आगामी गणेश पूजा को देखते हुए,पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों का निरीक्षण करने और आयोजन समितियों से, समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।धार्मिक आयोजनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें