न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,10सितंबर2026
सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में बच्चे से वाहन टकराने की बात को लेकर,हुए विवाद में युवक पर चाकू और बैट से हमला करने के मामले में पुलिस ने,त्वरित कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के आरोपी को करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया हैं। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी हैं।डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में गांधीनगर पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया।
🟠स्कूटी से बच्चे के हल्के टकराने पर शुरू हुआ विवाद
मामले के अनुसार, रॉयल पार्क कॉलोनी, किसान राइस मिल रोड निवासी आकाश गोयल 9 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे अपनी स्कूटी से दुकान जा रहे थे। रॉयल पार्क मोड़ के पास उनकी स्कूटी से आदि अग्रवाल का भांजा हल्का टकरा गया।घटना के बाद बच्चे को उसके परिजन अस्पताल लेकर गए। इसी बात को लेकर आदि अग्रवाल अपने साथी वंश पंडित के साथ स्कूटी से मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, वंश पंडित के हाथ में चाकू और आदि अग्रवाल के पास बैट था।
🟠गाली-गलौज के बाद बैट और चाकू से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों ने आकाश गोयल के साथ गाली-गलौज करते हुए,जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बैट और हाथ-मुक्के से मारपीट की गई।इसी दौरान वंश पंडित ने चाकू से आकाश गोयल के कूल्हे के पास गंभीर चोट पहुंचाई। किसी तरह मौका पाकर आहत मौके से भाग निकला और थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
🟠BNS और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 564/26 दर्ज करते हुए,भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 109, 3(5) तथा 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।मामले की जानकारी मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
🟠लगातार पतासाजी के बाद वंश पंडित पुलिस के हत्थे चढ़ा
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वंश कुमार झा उर्फ वंश पंडित, उम्र 20 वर्ष, निवासी नमनाकला, शनि मंदिर के पास, थाना गांधीनगर बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
🟠घटना में प्रयुक्त चाकू की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में पूछताछ की। आरोपी ने पुलिस को बताया,कि उसने चाकू घटनास्थल के आसपास कहीं फेंक दिया हैं। पुलिस टीम ने आरोपी द्वारा बताए गए स्थान के आसपास हथियार की तलाश की, लेकिन चाकू बरामद नहीं हो सका।मामले में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
🟠दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी आदि अग्रवाल की पतासाजी की जा रही हैं। पुलिस का कहना हैं,कि फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की अग्रिम जांच एवं विवेचना जारी हैं।
🟠इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल एवं घनश्याम देवांगन की सक्रिय भूमिका रही।












