सरगुजा पुलिस का बड़ा साइबर जागरूकता अभियान, सेंट जेवियर स्कूल के 1000 से अधिक विद्यार्थियों को किया जागरूक

न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,10सितंबर2026

बदलते दौर में बढ़ते साइबर अपराधों से बच्चों और युवाओं को सुरक्षित रखने के लिए,सरगुजा पुलिस द्वारा व्यापक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी अभियान के तहत सेंट जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल के हिंदी एवं इंग्लिश मीडियम में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं और करीब 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में इस सप्ताह विशेष रूप से बालिकाओं की सुरक्षा और उनकी साइबर जागरूकता को केंद्र में रखा गया हैं।🟠स्कूल परिसर में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में सेंट जेवियर स्कूल के प्राचार्य फादर माइकल तिर्की के साथ नवा बिहान संस्था से,मंगल पांडे, अजय तिवारी एवं संतोष दास मौजूद रहे।पुलिस विभाग की ओर से उप निरीक्षक अभय तिवारी तथा साइबर सेल से अनुज जायसवाल एवं अमन पुरी ने, विद्यार्थियों से संवाद करते हुए साइबर अपराधों के बदलते तरीकों और उनसे बचने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।

🟠सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती से बचने की सलाह

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। बताया गया,कि साइबर अपराधी कई बार फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर बच्चों और किशोरों से दोस्ती करते हैं, फिर निजी जानकारी या तस्वीरें हासिल कर ब्लैकमेलिंग का प्रयास कर सकते हैं।विद्यार्थियों को सलाह दी गई,कि अनजान लोगों के भेजे मैसेज, फोटो, वीडियो या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने माता-पिता या शिक्षकों को दें।

🟠साइबर बुलिंग और ऑनलाइन स्टॉकिंग को लेकर भी किया सचेत

कार्यक्रम में साइबर बुलिंग और स्टॉकिंग जैसे अपराधों पर भी चर्चा की गई। इंटरनेट पर किसी को लगातार परेशान करना, आपत्तिजनक टिप्पणी करना या सोशल मीडिया के जरिए पीछा करना गंभीर मामला हो सकता हैं।पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा,कि ऐसी किसी भी घटना का सामना होने पर चुप न रहें और न ही डरें, बल्कि तत्काल परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें।🟠OTP और बैंक फ्रॉड से बचने के लिए बरतें सावधानी

विद्यार्थियों को ऑनलाइन वित्तीय ठगी के सामान्य तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को OTP, ATM PIN, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।इसके अलावा लॉटरी, इनाम, गिफ्ट या किसी अन्य लालच का झांसा देकर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई।

🟠AI और डीपफेक के दुरुपयोग का बढ़ रहा खतरा

साइबर जागरूकता कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर भी विद्यार्थियों को सचेत किया गया।पुलिस टीम ने बताया,कि तकनीक के जरिए किसी व्यक्ति की तस्वीर या आवाज में बदलाव कर उसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी निजी तस्वीरें, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने से बचने की सलाह दी गई।

🟠पुलिस ने बताए साइबर सुरक्षा के जरूरी नियम

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के लिए इन बातों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई—

🔸️ सोशल मीडिया अकाउंट को प्राइवेट रखें।

🔸️महत्वपूर्ण अकाउंट में 2FA यानी टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर चालू रखें।

🔸️अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

🔸️संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें।

🔸️OTP, PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।

🔸️सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करते समय सावधानी बरतें।

🔸️किसी संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत परिवार या पुलिस को दें।🟠साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने की जानकारी भी दी। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता हैं,तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई। ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती हैं।

🟠थाना-चौकी स्तर पर भी लगातार जारी हैं, अभियान

सरगुजा पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी साइबर जागृति अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में छात्राओं, महिलाओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित इस्तेमाल करने की जानकारी दी जा रही हैं।इसके साथ ही स्वच्छता दीदियों को भी साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया हैं।सरगुजा पुलिस का यह अभियान साइबर अपराधों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और विशेषकर बच्चों एवं महिलाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें