अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,10सितंबर2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप बलरामपुर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक,‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को जन-अभियान का स्वरूप देने के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से,जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप कैलेंडर आधारित कार्ययोजना तैयार कर सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए,इसकी जानकारी जिले के अंतिम छोर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
🟠युद्धस्तर पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश
कलेक्टर ने अभियान के लिए नियुक्त नोडल एवं सब-नोडल अधिकारियों को सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि सभी विभाग आपसी समन्वय से अभियान की गतिविधियों को समय पर पूरा करें,ताकि किसी भी कार्यक्रम में किसी तरह की कमी न रहे।उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए 13 से 15 सितंबर के बीच दीयों का वितरण हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
🟠17 सितंबर से ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित,इस अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को मजबूत करना हैं।अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की संध्या ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसमें परिवारों, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।दीयों का वितरण राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों और गैस वितरण केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा। अमृत सरोवर, पंचायत भवन एवं आवास योजना वाले मोहल्लों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन होगा।
🟠चित्रकला से लेकर नाटक तक, युवाओं और विद्यार्थियों की होगी भागीदारी
अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत – चित्र सेवा’ कार्यक्रम में 18 सितंबर को स्कूलों में ड्राइंग प्रतियोगिता और 19 सितंबर को चित्र प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद 28 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को विकासखंड स्तर तथा 3 अक्टूबर को जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी।वहीं 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा – अनकही कहानियां’ के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य नाटक का मंचन किया जाएगा।
🟠स्वच्छता,जल संरक्षण और रक्तदान में जुटेंगे नागरिक
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिक स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधरोपण, रक्तदान और नदी-घाट की सफाई जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिला मुख्यालय पर मानव रंगोली भी बनाई जाएगी।
🟠‘सरकार आपके द्वार’ से गांवों में पहुंचेगी जनसेवा
‘सेवा सेतु – सरकार आपके द्वार’ पहल के तहत 10 से 15 ग्रामों के क्लस्टर बनाए जाएंगे। प्रत्येक विकासखंड में न्यूनतम चार शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित करने के साथ ही राजस्व प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया जाएगा।
🟠कलश यात्रा से इनोवेशन चैलेंज तक कई आयोजन
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैलियां जिले के विभिन्न दिशाओं से जिला मुख्यालय पहुंचेंगी।वहीं 9 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए जिले के युवा नवाचारियों को भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
🟠आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन मिलन सेवा’
12 अक्टूबर से आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत मातृ संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे माह ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से हितग्राहियों की सफलता की गाथाएं सामने लाई जाएंगी।‘जल जन सेवा संकल्प’ के अंतर्गत पूरे अभियान के दौरान जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी निरंतर संचालित होंगी।
🟠17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा समापन
एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद – जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा। अभियान के माध्यम से जिले में जनभागीदारी, सेवा भावना और शासन की योजनाओं से जुड़ाव को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
🟠कलेक्टर ने जिलेवासियों से की सक्रिय भागीदारी की अपील
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील की,कि वे जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान से जुड़ें। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के प्रत्येक आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान किया।












