चार साल की भागदौड़ के बाद बना आधार, 75 वर्षीय कृषक वासुदेव गुप्ता को मिली बड़ी राहत

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,12सितंबर2026

आधार कार्ड जैसी जरूरी पहचान के अभाव में सरकारी योजनाओं का,लाभ लेने के लिए वर्षों से परेशान 75 वर्षीय कृषक वासुदेव गुप्ता को आखिरकार राहत मिल गई। ग्राम पंचायत झलपी, पोस्ट महाराजगंज निवासी गुप्ता का आधार कार्ड तकनीकी अड़चनों के चलते पिछले करीब चार वर्षों से नहीं बन पा रहा था। गुप्ता ने आधार बनवाने के लिए जिले के कई केंद्रों पर प्रयास किया और कई बार नामांकन भी कराया, लेकिन हर बार तकनीकी कारणों से आवेदन निरस्त हो जाता था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने अंबिकापुर स्थित आधार सेवा केंद्र तक भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

🟠प्रशासन की पहल से दूर हुई तकनीकी समस्या

मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने लंबित प्रकरण का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में जिला आधार टीम और चिप्स कार्यालय के ई-डीएम, डीसी एवं एमटीओ ने तकनीकी समस्या की जांच की।आपसी समन्वय और लगातार प्रयासों के बाद आधार संबंधी अड़चन दूर की गई और गुप्ता का आधार कार्ड सफलतापूर्वक बनाकर उन्हें सौंप दिया गया। आधार कार्ड हाथ में आते ही वर्षों से परेशान गुप्ता के चेहरे पर राहत और संतोष की मुस्कान दिखाई दी। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

🟠अब सरकारी योजनाओं का लाभ लेना होगा आसान

आधार अपडेट होने के बाद अब गुप्ता के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का रास्ता आसान हो गया हैं। कृषक के रूप में वे एग्री स्टैक में पंजीयन कराकर धान विक्रय सहित किसान हितैषी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा पेंशन, राशन कार्ड की ई-केवायसी, बैंकिंग सुविधाओं और ऋण संबंधी प्रक्रियाओं में भी उन्हें सुविधा मिलेगी।जिला प्रशासन का कहना हैं,कि प्रयास केवल एक प्रकरण के निराकरण तक सीमित नहीं हैं। तकनीकी कारणों से अटकने वाले आधार प्रकरणों की पहचान कर उनका विशेष रूप से निराकरण करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा हैं,ताकि वृद्धजनों और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें