कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय ने देर शाम जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,12सितंबर2026

मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी गई हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर अपर कलेक्टर  आर.एन. पाण्डेय ने देर शाम जिला चिकित्सालय बलरामपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं, वार्डों, रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य अमले और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में रात्रिकालीन ड्यूटी पर डॉक्टर सुबोध सिंह उपस्थित मिले। वार्ड में सर्पदंश के एक मरीज सहित कुल 6 मरीज भर्ती पाए गए। सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई गई और उनका समुचित उपचार जारी था।इसके बाद अपर कलेक्टर ने मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड और ओपीडी विभाग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

🟠दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश

अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय ने अस्पताल में, जीवनरक्षक एवं आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर और वार्डों में नियमित साफ-सफाई, मरीजों एवं परिजनों के लिए पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा,कि अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार मिलना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य अमले को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।🟠स्वास्थ्य संस्थानों पर रहेगी लगातार नजर

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी के लिए राजस्व अमले को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय के साथ विकासखंड स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों का भी समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता से दूर कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि जिले के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण और समय पर चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें