राष्ट्रीय पोषण माह में आंगनबाड़ी केंद्रों पर रंग-बिरंगी थाली और न्योता भोज से बच्चों को मिला पौष्टिक आहार

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,13सितंबर2026

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा,राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा हैं। अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा किशोरी बालिकाओं को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जा रही हैं।

🟠रंग-बिरंगी थाली से समझाया संतुलित आहार

परियोजना रामचन्द्रपुर के सेक्टर पिपरौल में रंग-बिरंगी थाली का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न रंगों के फल, सब्जियों और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक खाद्य पदार्थों को आकर्षक तरीके से सजाकर संतुलित आहार की अवधारणा को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया गया।इसी क्रम में सेक्टर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने केंद्रों में न्योता भोज का आयोजन कर बच्चों को पौष्टिक भोजन परोसा।

🟠कई क्षेत्रों में हुआ न्योता भोज

रामचन्द्रपुर परियोजना के सेक्टर जामवंतपुर और ग्राम पंचायत पशुपतिपुर के अंतर्गत सेक्टर पशुपतिपुर में भी न्योता भोज आयोजित किया गया। यहां समुदाय की सहभागिता से बच्चों को स्थानीय स्तर पर तैयार पौष्टिक व्यंजन उपलब्ध कराए गए। वहीं परियोजना वाड्रफनगर के सेक्टर वाड्रफनगर में भी न्योता भोज के माध्यम से बच्चों को पोषणयुक्त आहार वितरित किया गया।इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और पालकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

🟠पोषण के साथ सामाजिक सहभागिता का संदेश

न्योता भोज की पहल बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही सामुदायिक सहभागिता, समानता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत कर रही हैं। इसमें समुदाय के सदस्य स्वेच्छा से बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन की व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं।पोषण माह के दौरान विभाग द्वारा वजन एवं ऊंचाई मापन, पोषण चौपाल, स्थानीय पोषक आहार की प्रदर्शनी और जागरूकता रैली जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य हैं,कि पोषण माह केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से कुपोषण के खिलाफ व्यवहार परिवर्तन की मजबूत नींव तैयार हो और प्रत्येक बच्चा स्वस्थ एवं सुपोषित बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें