अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,13सितंबर2026
थाना सनावल क्षेत्र के ग्राम सेमरवा में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने,उसके पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया हैं। पुलिस के अनुसार, मृतिका के मायके पक्ष और अन्य गवाहों के बयानों में सामने आया,कि शादी के करीब एक माह बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को मृतिका घास काटने के लिए पियाह नाला की ओर गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश की।
इसी दौरान गांव के पास स्थित बाउली (छोटे तालाब) में तलाश करने पर मृतिका का शव पानी में मिला। इसके बाद परिजन ने थाना सनावल में मर्ग सूचना दर्ज कराई।मृतिका नवविवाहिता थी। मर्ग पंचनामा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया। मर्ग जांच के दौरान परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, बयानों में आरोप सामने आया,कि शादी के कुछ समय बाद से ही फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी दहेज में नहीं देने की बात को लेकर पति, सास और ससुर द्वारा मृतिका से विवाद और मारपीट की जाती थी।
पुलिस ने मर्ग जांच में धारा 80, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी दिलीप कुमार यादव (26) और सुरेश यादव (53), दोनों निवासी ग्राम सेमरवा, थाना सनावल, को अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया। दोनों को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पूरी कार्रवाई में एसडीओपी बाजीलाल सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक बृजलाल भारद्वाज, सउनि गौटिया राम मराबी, सउनि कपिल साय, आरक्षक 257 प्रेमलाल कुजूर और आरक्षक 766 अमृत सोनवानी का विशेष योगदान रहा।












