न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,14सितंबर2026
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ,बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में 7 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 50 किलो 761 ग्राम गांजा, दो कार, एक KTM मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 36 लाख 49 हजार रुपये बताई गई हैं।दोनों कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में एएनटीएफ और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
🟠सरसीवां में 40 किलो गांजा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
12 सितंबर को एएनटीएफ और थाना सरसीवां पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम गाताडीह-गोपालपुर रोड स्थित राजकुमार राणा की ऑटो पार्ट्स दुकान के पास घेराबंदी की। इसी दौरान होंडा सिटी कार क्रमांक CG 04 LP 0011 को रोककर तलाशी ली गई।कार में सवार टुकेश्वर यादव (22), निवासी बालांव थाना पामगढ़ और गणेश राम यादव (21), निवासी मुड़पार, हाल बारगांव थाना पामगढ़ को गिरफ्तार किया गया। वहीं कार के आगे KTM मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 W 6889 से पायलेटिंग कर रहे भावेश साहू और विनोद यादव, दोनों निवासी बारगांव थाना पामगढ़, को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार से 40 पैकेटों में 40 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा के साथ होंडा सिटी कार, KTM मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित करीब 28 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर लंबर-सरसीवां मार्ग के रास्ते पामगढ़ जा रहे थे। पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगे मोटरसाइकिल से पायलेटिंग की जा रही थी।
🟠सरिया में 10.761 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर पकड़े गए
इसी अवधि में थाना सरिया पुलिस और एएनटीएफ ने भी गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो 761 ग्राम गांजा, एक कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कीमत करीब 7 लाख 89 हजार रुपये बताई गई हैं।
🟠एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सभी आरोपी जेल भेजे गए
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और एसडीओपी दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में हुई इन कार्रवाइयों से जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संकेत मिला हैं। पुलिस के अनुसार, ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए दूसरे जिलों तक मादक पदार्थ पहुंचाने वाले मार्गों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही हैं।












