संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,14सितंबर2026
नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में,विकसित करने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ 15 सितंबर से होगा। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।इस मौके पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल की विशेष मौजूदगी रहेगी। खेल जगत की इन प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति से प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने और छत्तीसगढ़ में गोल्फ के साथ खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद हैं।
🟠सेरेमोनियल टी-ऑफ से होगा शुभारंभ
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथि गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रम में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण भी किया जाएगा।इसके पश्चात प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री सहित आयोजन से जुड़े प्रमुख अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस दौरान प्रतियोगिता के उद्देश्यों, गोल्फ को बढ़ावा देने और प्रदेश में खेल पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
🟠गोल्फ और खेल पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना हैं। आयोजन के जरिए नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास भी किया जा रहा है।गोल्फ जैसे बड़े आयोजन से देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों का नवा रायपुर की ओर आकर्षण बढ़ने की संभावना हैं। इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती मिलने के साथ नवा रायपुर को आधुनिक खेल और खेल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में भी नई संभावनाएं खुलेंगी।‘नवा रायपुर ओपन 2026’ आधुनिकता, खेल प्रतिभा और खेल पर्यटन के संगम के रूप में नवा रायपुर को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बनने जा रहा हैं।












