117 वर्षों की गणेशोत्सव परंपरा में शामिल हुए CM साय, गोल बाजार में की विघ्नहर्ता की पूजा-अर्चना

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,15सितंबर2026

गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति बप्पा की भक्ति और उत्सव के रंग में डूबा नजर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात गोल बाजार पहुंचे और श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित, भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा की। मंत्रोच्चार के बीच आरती उतारते हुए,उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार के लिए सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए भगवान गणेश का आशीर्वाद मांगा।🟠117 साल पुरानी परंपरा को बताया गौरव

मुख्यमंत्री साय ने गोल बाजार में पिछले 117 वर्षों से निरंतर चली आ रही,गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा,कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक भी हैं।उन्होंने कहा,कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष उपलब्धि हैं। ऐसी परंपराएं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का काम करती हैं।

🟠ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ आत्मीय स्वागत

गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच फूल-मालाओं और गजमाला से उनका अभिनंदन किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

🟠150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी पहुंचे CM

भगवान गणेश के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने राजधानी की इस प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।उल्लेखनीय हैं,कि गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही हैं। भव्य प्रतिमा और लंबे समय से चली आ रही परंपरा के कारण यह आयोजन रायपुर के प्रमुख गणेशोत्सव स्थलों में शामिल हैं।इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें