संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,18सितंबर2026
प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए अधिक से अधिक प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के, उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खेल संघों के साथ समन्वय मजबूत करने की दिशा में पहल तेज कर दी हैं। खेल गतिविधियों को जिला स्तर तक विस्तार देने और नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभाग और खेल संघ मिलकर कार्ययोजना तैयार करेंगे।इसी सिलसिले में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने संचालनालय में विभागीय अधिकारियों और प्रदेश के खेल संघों के पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में 25 से अधिक प्रमुख राज्य खेल संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
🟠हर खेल संघ को वार्षिक कैलेंडर भेजने के निर्देश
संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने सभी खेल संघों को अपना वार्षिक खेल कैलेंडर अनिवार्य रूप से खेल संचालनालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि प्रतियोगिताओं और अन्य खेल गतिविधियों की पूर्व जानकारी रहने से विभाग और संघ मिलकर खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, प्रतियोगिता और आवश्यक सुविधाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।उन्होंने प्रदेश के सभी 33 जिलों में जिला स्तरीय खेल संघों के चरणबद्ध पंजीयन और विभागीय मान्यता की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर भी जोर दिया।
🟠बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ क्षेत्रों पर फोकस
बैठक में बस्तर और सरगुजा संभाग सहित दूरस्थ अनुसूचित क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। संचालक ने कहा,कि खेल प्रतिभाओं को अवसर केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जिलों और दूरस्थ क्षेत्रों से सामने आने वाले खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी हैं।इसके लिए जिला स्तर पर खेल संघों की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
🟠टॉप-100 एथलीट्स की जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश
बैठक में वर्तमान में जारी टॉप-100 एथलीट्स में शामिल अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से संबंधित अप्राप्त जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। खिलाड़ियों से जुड़ी जानकारी को व्यवस्थित रखने के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुगमता पर जोर दिया गया।
🟠संयुक्त रिव्यू समिति करेगी नियमित समीक्षा
विभाग और खेल संघों के बीच नियमित संवाद को संस्थागत रूप देने के लिए संयुक्त रिव्यू समिति के गठन की घोषणा की गई। समिति खेल गतिविधियों की प्रगति, खिलाड़ियों से जुड़े विषयों और खेल संघों की आवश्यकताओं की नियमित समीक्षा करेगी।इसके अलावा खेल संस्थाओं के पंजीयन से जुड़े विषयों पर रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसाइटी कार्यालय के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
🟠डोपिंग के प्रति खिलाड़ियों को किया जाएगा जागरूक
बैठक में खिलाड़ियों को डोपिंग के दुष्प्रभाव और प्रतिबंधित पदार्थों के संबंध में जागरूक करने के लिए, डोपिंग सेमिनार आयोजित करने पर भी सहमति बनी।बैठक में संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय, उप संचालक (वित्त) रवि अग्रवाल, सहायक संचालक रुस्तम सारंग, खेल अधिकारी गिरीश शुक्ला सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे।विभाग ने खेल संघों से निरंतर संवाद और समन्वय के साथ प्रदेश में खेल गतिविधियों को जिला स्तर तक मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की हैं।












