संदिली सिंह,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,18सितंबर2026
चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में,छत्तीसगढ़ की दो बेटियों गीता यादव और मधु सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए,भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावी खेल दिखाया और चार-चार गोल दागे।दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बिलासपुर की आवासीय हॉकी अकादमी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित हुआ हैं।
🟠दक्षिण कोरिया से लेकर पाकिस्तान तक दिखाया दम
टूर्नामेंट में भारतीय टीम के मुकाबलों के दौरान गीता और मधु लगातार प्रभावी नजर आईं। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में मधु सिदार ने गोल कर भारत की जीत में योगदान दिया।इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारत ने 11-1 से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे।भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में भी दोनों खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी रहा। भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया, जिसमें गीता यादव और मधु सिदार ने दो-दो गोल कर भारतीय टीम के आक्रमण को मजबूती दी।पूरे टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों ने चार-चार गोल अपने नाम किए।
🟠खेल संचालक ने खिलाड़ियों को दी बधाई
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर,उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा,कि गीता यादव और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया हैं।उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए,आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं और विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार और बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील भी मौजूद रहे।












