अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,19सितंबर2026
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में,जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं पुनरीक्षण समिति (डीएलसीसी/डीएलआरसी) की जून 2026 तिमाही की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की बैंकिंग प्रगति, ऋण-जमा अनुपात, वार्षिक साख योजना 2026-27, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा ऋण, जनधन योजना, बीमा एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
🟠ऋण-जमा अनुपात बढ़कर 44.29 प्रतिशत
समीक्षा के दौरान बताया गया,कि मार्च 2026 में जिले का ऋण-जमा अनुपात 40.30 प्रतिशत था,जो 30 जून 2026 को बढ़कर 44.29 प्रतिशत हो गया। इसी अवधि में कुल अग्रिम राशि 1528.69 करोड़ से बढ़कर 1584.28 करोड़ रुपये पहुंच गई। प्राथमिक क्षेत्र में 867.34 करोड़, कृषि क्षेत्र में 588.96 करोड़ तथा एमएसएमई क्षेत्र में 182.71 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया।जिले में वर्तमान में 80 बैंक शाखाएं, 49 एटीएम और 1813 बीसी आउटलेट संचालित हैं। भरतपुर, रनहत, शंकरगढ़ और कुसमी क्षेत्र में चार नई बैंक शाखाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से कुछ के अक्टूबर में शुरू होने की संभावना हैं।
🟠43 हजार से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड
किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत जून तिमाही में 5766 नए केसीसी जारी किए गए। जिले में कुल 43597 केसीसी प्रचलन में हैं, जिनकी ऋण राशि 171.31 करोड़ रुपये हैं। पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े हितग्राहियों को भी केसीसी का लाभ मिला हैं।प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 12419 प्रकरणों में 162.47 करोड़ रुपये का ऋण प्रवाहित हुआ। वहीं प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 8.71 लाख से अधिक खाते खोले जा चुके हैं,जिनमें 5.16 लाख से अधिक खाते महिलाओं के हैं।
🟠राज्योत्सव तक 1 हजार हितग्राहियों को अटल पेंशन योजना से जोड़ने का लक्ष्य
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने 1 नवंबर 2027 के राज्योत्सव को लक्ष्य मानते हुए,एक हजार हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें अटल पेंशन योजना से जोड़ने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कृषि मित्रों,स्वयं सहायता समूह की दीदियों और मितानिनों को प्राथमिकता से योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए,ताकि उन्हें वृद्धावस्था में नियमित आर्थिक संबल मिल सके।कलेक्टर ने कहा कि बैंक और संबंधित विभाग जमीनी स्तर पर पात्र हितग्राहियों की पहचान सुनिश्चित करें। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देने के साथ कृषकों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
🟠रामानुजगंज, सनावल और राजपुर में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर
कलेक्टर ने रामानुजगंज,सनावल और राजपुर क्षेत्र को दुग्ध उत्पादन में अग्रणी बनाने के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन कर उन्हें ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुद्रा ऋण सहित केंद्र और राज्य शासन की योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र लोगों को जोड़ने तथा सही प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने को कहा।बैठक में ऋण वसूली से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने बैंकों और प्रशासनिक विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक मुकुंद कर्ण, नाबार्ड जिला विकास प्रबंधक प्रेम प्रकाश सिंह, लोकल बैंक ऑफिसर अविनाश टोप्पो सहित विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय एवं आंचलिक प्रमुख, शाखा प्रबंधक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












