अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,19सितंबर2026
ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और शासकीय डायल 112 वाहन को गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में, बलरामपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की हैं। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भापुसे) ने आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को विभागीय जांच के बाद तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से पृथक कर दिया हैं।
🟠इवेंट पर जाते समय डायल 112 वाहन का हुआ एक्सीडेंट
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर क्षेत्र में संचालित डायल 112 वाहन क्रमांक सीजी 03 ए-2749 में आरक्षक संजय मारकण्डे की ड्यूटी लगाई गई थी।रात करीब 11:40 बजे इवेंट मिलने की सूचना पर आरक्षक संजय मारकण्डे और वाहन चालक ओमप्रकाश यादव डायल 112 वाहन से, ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए। इसी दौरान करीब 11:45 बजे, वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के आगे सामने से आ रही,पिकअप वाहन क्रमांक यूपी-64 सीटी-1055 से डायल 112 वाहन की जोरदार टक्कर हो गई।हादसे में सरकारी डायल 112 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
🟠मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद आरक्षक और वाहन चालक के चाल-ढाल से शराब सेवन किए होने की आशंका हुई। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट में आरक्षक संजय मारकण्डे और वाहन चालक के ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
🟠विभागीय जांच के बाद हुई कार्रवाई
मामले की विभागीय जांच के बाद आरक्षक संजय मारकण्डे के खिलाफ ड्यूटी के दौरान,शराब के नशे में पाए जाने और शासकीय वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने को गंभीर कदाचार माना गया।पुलिस के अनुसार, आरक्षक की ड्यूटी सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण डायल 112 सेवा में थी। जांच में उसके द्वारा ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचरण किया जाना प्रमाणित पाया गया।इसके बाद पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने 19 सितंबर 2026 को आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे, तत्कालीन पदस्थापना चौकी वाड्रफनगर एवं वर्तमान पदस्थापना रक्षित केंद्र बलरामपुर को पुलिस सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया।












