मक्का बाड़ी में बिछाया था करंट का जाल,किसान की मौत,आरोपी गिरफ्तार

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,20सितंबर2026

त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम गोवर्धनपुर (सुईदोहर) में मक्का बाड़ी में,नंगे बिजली तार में करंट प्रवाहित करने के मामले में,पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार, इसी करंट की चपेट में आने से लहन राम (40) की मौत हो गई थी। मामले में आरोपी राम सिंह (24) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया हैं।पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को लहन राम अपने बाड़ी में जुताई करने गया था। इसी दौरान पानी पीने के लिए राम सिंह के घर के पास स्थित, मक्का बाड़ी के रास्ते से गुजरते समय वह वहां लगाए गए नंगे तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से लहन राम की मौके पर ही मौत हो गई।

🟠पोल से तार खींचकर मक्का बाड़ी में लगाया था करंट

घटना के बाद त्रिकुंडा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 39/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों व गवाहों से अलग-अलग पूछताछ की। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विद्युत विभाग से प्राप्त जांच प्रतिवेदन को भी विवेचना में शामिल किया गया।जांच के दौरान पुलिस के अनुसार सामने आया,कि आरोपी राम सिंह पिता सुधु राम (24), निवासी गोवर्धनपुर ने विद्युत पोल से तार खींचकर अपने घर के पास स्थित मक्का बाड़ी में सेंट्रिंग के नंगे तार से घेरा बनाया था। इस तार में बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था।इसी रास्ते से गुजरते समय लहन राम नंगे तार के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

🟠धारा 105 BNS और विद्युत अधिनियम में केस

मर्ग जांच में आरोपी के खिलाफ अपराध पाए जाने पर, थाना त्रिकुंडा में अपराध क्रमांक 67/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 105 बीएनएस और विद्युत अधिनियम 2005 की धारा 135 के तहत कार्रवाई की।विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने 19 सितंबर 2026 को राम सिंह को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने के बाद उसे जेल दाखिल कर दिया गया।पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें