शहर के सौंदर्यीकरण पर कलेक्टर सख्त,प्रतिदिन निरीक्षण कर कमियां दूर करने के निर्देश

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,21सितंबर2026

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में,सोमवार को समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण, सड़कों की मरम्मत, सेवा संकल्प अभियान, सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस, प्रधानमंत्री आवास योजना, एग्रीस्टैक और राजस्व प्रकरणों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित कार्यों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

🟠शहर की व्यवस्था पर रोजाना नजर रखने के निर्देश

बलरामपुर शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर कलेक्टर ने, नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और एसडीएम बलरामपुर को निर्देश दिए,कि संबंधित अमला प्रतिदिन शहर का निरीक्षण करे। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिन्हित कर तत्काल सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने सड़कों की स्थिति सुधारने के साथ जल प्रबंधन और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी बेहतर करने पर जोर दिया, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर मिल सके।🟠सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की समीक्षा

17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए,कलेक्टर ने आंगन मिलन सेवा, सेवा मेरा योगदान, नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, देहदान और अन्नदान जैसी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा,कि प्रत्येक गतिविधि की जिम्मेदारी संबंधित नोडल विभाग की होगी, जबकि सहयोगी विभाग अपने अमले और संसाधनों के साथ समन्वय कर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

🟠सेवा सेतु शिविरों में मौके पर होगा समाधान

‘सरकार आपके द्वार’ के तहत सेवा सेतु शिविरों के आयोजन की भी समीक्षा की गई। प्रत्येक विधानसभा और विकासखंड में 10 से 15 ग्रामों के क्लस्टर बनाकर शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने शिविरों की तारीख, समय और स्थान पहले से तय कर ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।शिविरों में केंद्र सरकार की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं के साथ राज्य की हितग्राहीमूलक योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ राजस्व प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।🟠आंगन मिलन सेवा और ‘सेवा मेरा योगदान’ पर जोर

कलेक्टर ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का सम्मान किया जाएगा।‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, अंगदान संकल्प और नदी-घाट स्वच्छता जैसी गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इन गतिविधियों की जानकारी माय भारत पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।इसके अलावा ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, 29 सितंबर को जिला मुख्यालय में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम और 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। कलश यात्रा के दौरान एंबुलेंस और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

🟠सीएम हेल्पलाइन और ई-ऑफिस पर सख्ती

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए,कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी आवेदन निर्धारित समय-सीमा से बाहर लंबित नहीं रहना चाहिए। आवेदन प्राप्त होते ही उसका अवलोकन कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।ई-ऑफिस की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और गति आती हैं। सभी अधिकारी-कर्मचारी ई-ऑफिस का प्रभावी उपयोग करते हुए लंबित फाइलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

🟠पीएम आवास और राजस्व प्रकरणों पर भी जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम जनमन के तहत निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा करते हुए, कलेक्टर ने प्रगतिरत आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना बनाकर समय-सीमा निर्धारित करने और नियमित निगरानी करने को कहा गया।बैठक में एग्रीस्टैक बकेट क्लेम, एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। वहीं राजस्व मामलों में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय, प्रमोद गुप्ता, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें