न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,22सितंबर2026
नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख 55 हजार रुपये की ठगी के मामले में,सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया हैं। खड़गवां चौकी पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर, खुद को SECL अधिकारी बताकर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और रकम लेने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र देकर शिकायतकर्ता के साथ धोखाधड़ी की।
🟠फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लिया 3.55 लाख
पुलिस के मुताबिक ग्राम खड़गवां माझापारा निवासी ललित राम ने चौकी खड़गवां में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि निलेश पाल और उसके दो साथियों ने SECL में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोपियों ने इसके एवज में कुल 3 लाख 55 हजार रुपये लिए और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र देकर धोखाधड़ी की।शिकायत के आधार पर चौकी खड़गवां में अपराध क्रमांक 281/2026, धारा 318(4), 338, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
🟠मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद से आरोपी पकड़ा गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए,पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच के दौरान खड़गवां पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्ध की तलाश शुरू की।पुलिस ने दबिश देकर निलेश पाल पिता स्व. पिन्टू पाल (38 वर्ष) निवासी सरभोका, चौकी घाट के नीचे नागपुर, थाना पोड़ी, जिला एमसीबी को पकड़ा।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर फोन-पे और नगद के माध्यम से रकम लेकर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
🟠दो अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस मामले में आरोपी के साथ शामिल बताए जा रहे, उसके दो अन्य साथियों की तलाश कर रही हैं। कार्रवाई में चौकी प्रभारी खड़गवां मनोज सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












