संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,24सितंबर2026
नगर निगम बीरगांव में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को आयोजित विकास कार्यों के, लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके साथ ही बीरगांव की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की।मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र हैं। औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती आबादी के अनुरूप सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज, खेल सुविधाओं और अन्य नागरिक अधोसंरचनाओं को मजबूत करने पर सरकार का फोकस हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी हैं।
🟠एसटीपी के लिए 82 करोड़, सड़क-नाली और खेल मैदान के लिए 10 करोड़
मुख्यमंत्री ने बीरगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला तक स्ट्रीट लाइट के लिए 1 करोड़ तथा बुधवारी बाजार से नगर निगम कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की गई।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में विद्युतीकरण एवं मरम्मत के लिए 50 लाख, सर्व मांगलिक भवन के लिए 1 करोड़ और शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपये देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। इसके साथ ही बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय शुरू करने की बात कही।
🟠स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल बीरगांव का बनेगा दीर्घकालीन रोडमैप
मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा हैं। इसमें बीरगांव भी शामिल हैं। इसके माध्यम से पूरे क्षेत्र के सुनियोजित, समन्वित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।उन्होंने कहा,कि विकास का उद्देश्य केवल सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाना भी हैं। इसी दिशा में बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय भी विकसित किया जाएगा। ऑनलाइन रजिस्ट्री और स्वतः नामांतरण जैसी व्यवस्थाओं से भूमि संबंधी सेवाओं को आसान बनाने पर जोर दिया जा रहा हैं।
🟠सात क्षेत्रों में सर्वे, पात्र परिवारों को मिलेंगे आवासीय पट्टे
बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराया जाएगा। सर्वे में पात्र पाए जाने वाले लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे वितरित किए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा,कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
🟠हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान योजना और नोनी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक भी प्रदान किए।कार्यक्रम में सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का विशेष सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके पांव धुलवाकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी समर्पित किए गए। इससे क्षेत्र में अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
🟠विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि नक्सलवाद लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के विकास में बाधा रहा हैं। उनके अनुसार, सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता के बाद उन क्षेत्रों में विकास के नए अवसर खुले हैं,जो लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे।उन्होंने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, मानव संसाधन और संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए,वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण पर जोर दिया।मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आयुर्वेद को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।
🟠उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गिनाईं विकास योजनाएं
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव के लिए 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा,कि सरकार बीरगांव के सुनियोजित विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। उनके अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य मिले हैं, जिनमें करीब 90 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं।मुख्यमंत्री ने शासकीय महाविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया।कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, भावना बोहरा, महापौर नंदलाल देवांगन, सभापति कृपाराम निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।












