सूरजपुर से लापता 9 साल का बालक मुंबई में मिला, पुलिस-CWC टीम ने सुरक्षित वापस लाया

न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,24सितंबर2026

सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र से लापता हुआ 9 वर्षीय बालक मुंबई के कल्याण में सुरक्षित मिला। सूरजपुर पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) की टीम ने, महाराष्ट्र पहुंचकर बालक को अपने संरक्षण में लिया और सकुशल वापस बसदेई लाई। बाल कल्याण समिति के समक्ष काउंसलिंग के बाद बालक को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को बालक घर से यह कहकर निकला था,कि वह अपने पिता के पास जा रहा हैं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की,लेकिन बालक का पता नहीं चल सका। इसके बाद बसदेई चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में धारा 137(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

🟠कल्याण में मिला बालक का सुराग

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने,बालक की हरसंभव पतासाजी कर जल्द सुरक्षित दस्तयाबी के निर्देश दिए। बसदेई पुलिस ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से बालक की तलाश शुरू की।जांच के दौरान बालक के कल्याण, मुंबई में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस और CWC की टीम महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई। टीम ने उल्हासनगर स्थित बाल कल्याण समिति, महाराष्ट्र से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बालक को अपने संरक्षण में लिया और सुरक्षित सूरजपुर लेकर आई।

🟠काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा गया

बसदेई लौटने के बाद बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया।पूछताछ में बालक ने बताया,कि वह पढ़ाई और स्कूल जाने से बचने के लिए 2-3 ट्रेनों में सफर करते हुए मुंबई पहुंच गया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद बालक के सुरक्षित वापस आने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

🟠पुलिस और CWC टीम की रही अहम भूमिका

बालक की सुरक्षित वापसी की कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में की गई। इसमें चौकी प्रभारी बसदेई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक शिवकुमार सारथी, आरक्षक विकास पटेल और CWC के दो सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।पुलिस ने बालक को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने के बाद मामले की आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें