अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,24सितंबर2026
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1अक्टूबर 2026 को,बलरामपुर जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके कल्याण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय आयोजन जनपद पंचायत बलरामपुर में होगा। इसके साथ ही जिले की अन्य जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
🟠सम्मान के साथ स्वास्थ्य और अधिकारों पर भी होगा फोकस
वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे, जहां वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।इसके अलावा वित्तीय संरक्षण को लेकर कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। विशेषज्ञ वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा, सावधानी और उपलब्ध संरक्षण उपायों के संबंध में जानकारी देंगे।
🟠भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम की दी जाएगी जानकारी
कार्यक्रमों में विशेषज्ञों द्वारा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना हैं।कार्यक्रमों में वरिष्ठजनों के अनुभव और योगदान को सम्मान देते हुए सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बुजुर्गों के अनुकूल विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
🟠सम्मान और सुरक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने की पहल
जिले में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति समाज में सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना हैं। साथ ही उनके सुरक्षित, स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन के लिए सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य हैं।जिला प्रशासन के अनुसार, वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव और योगदान से परिवार तथा समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं। वृद्धजन दिवस के आयोजन के माध्यम से उनके योगदान को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को भी वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया जाएगा।












