कबीरधाम में सिंचाई योजनाओं के लिए 15.86 करोड़ रुपये स्वीकृत

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,24सितंबर2026

छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने कबीरधाम जिले में,विभिन्न सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 15 करोड़ 86 लाख 8 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की हैं। स्वीकृत राशि से जिले में जलाशयों और नहरों के मरम्मत, जीर्णोद्धार, लाइनिंग तथा अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने के बाद जिले के 375 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की बात कही गई हैं।

🟠नरसिंहपुर जलाशय में 45 हेक्टेयर को मिलेगा लाभ

कबीरधाम जिले के नरसिंहपुर जलाशय के शीर्ष कार्य और नहरों के मरम्मत कार्य के लिए,1 करोड़ 71 लाख 47 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूरा होने के बाद करीब 45 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

🟠कामठी जलाशय की नहरों की होगी लाइनिंग

विकासखंड पंडरिया के कामठी जलाशय की नहरों के लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 82 लाख 98 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य के पूरा होने से करीब 112 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।इसी विकासखंड की मोहपार जलाशय के शीर्ष कार्य, नहरों के जीर्णोद्धार और लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 99 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना के कार्य पूरे होने के बाद 95 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

🟠सहसपुर लोहारा में भी नहरों का होगा सुधार

विकासखंड सहसपुर लोहारा की दमऊनाला व्यपवर्तन योजना की नहर लाइनिंग के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे करीब 75 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।वहीं छिरहा डायवर्सन के गेट उन्नयन, नहर लाइनिंग और पक्की संरचनाओं के निर्माण के लिए 1 करोड़ 31 लाख 72 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के पूरा होने पर करीब 48 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।जल संसाधन विभाग की इन स्वीकृतियों से जिले की सिंचाई व्यवस्था से जुड़े जलाशयों और नहरों के आवश्यक सुधार कार्यों को गति मिलेगी। इससे संबंधित क्षेत्रों में सिंचाई क्षमता और जल वितरण व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें