न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,2अक्टूबर2026
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की मौत का मामला पुलिस जांच के बाद हत्या में बदल गया। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसे जैसा दिखाई दे रहा था,लेकिन मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों और गवाहों के बयानों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने,इसे कथित रूप से सुनियोजित हत्या बताया हैं। पुलिस के मुताबिक,बुजुर्ग की पत्नी पर जादू-टोना करने का शक किया जाता था और इसी अंधविश्वास के चलते उसके परिवार से पिछले दो-तीन वर्षों से रंजिश चली आ रही थी।पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी दीपक यादव (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं। घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 को भी जब्त किया गया हैं। वहीं मामले में शामिल बताए जा रहे तीन अन्य आरोपी,जिनमें आरोपी का पिता, चाचा और एक बैगा शामिल हैं, फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली हैं,और तलाश जारी हैं।
🟠29 सितंबर को हुई थी 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
पुलिस के अनुसार ग्राम जामपानी,सरबकोंबो निवासी जोयो राम (68 वर्ष) की 29 सितंबर 2026 को मौत की सूचना थाना बगीचा को मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 126/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। शव का पंचनामा तैयार कराया गया और पोस्टमार्टम कराया गया।पंचनामा के दौरान मृतक के सिर,माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने मौत का कारण सिर में लगी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए।
🟠जांच में सड़क हादसे के पीछे हत्या की कहानी आई सामने
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे तथ्य मिले, जिनसे यह सामने आया,कि जोयो राम को बोलेरो वाहन से जानबूझकर टक्कर मारी गई थी। पुलिस के अनुसार, घटना को इस तरह अंजाम दिया गया,कि प्रथम दृष्टया यह सामान्य सड़क दुर्घटना दिखाई दे।जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी पर गांव के कुछ लोगों द्वारा टोनही होने और जादू-टोना करने का आरोप लगाया जाता था। पुलिस के मुताबिक, इसी आरोप को लेकर मृतक के परिवार के साथ लंबे समय से विवाद और रंजिश चल रही थी।
🟠जादू-टोना के शक में हत्या की कथित योजना
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी दीपक यादव के मेमोरेंडम के आधार पर घटना की पूर्व योजना से जुड़े तथ्य सामने आए। पुलिस का कहना हैं,कि आरोपी पक्ष मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाता था और पहले भी उसे इस कथित गतिविधि को रोकने के लिए समझाने की बात सामने आई थी।पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को जोयो राम के मक्का खेत की ओर जाने की जानकारी होने के बाद उसे वहीं वाहन से कुचलकर हत्या करने और घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई गई।
🟠खेत के पास बोलेरो से मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर की शाम करीब 4 बजे दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो लेकर डाहीडांड़ की ओर गया। वहां जोयो राम मुख्य सड़क से करीब 5 से 10 मीटर की दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने खड़े थे।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वाहन को आगे ले जाने के बाद वापस मोड़ा और तेज गति से जानबूझकर जोयो राम को टक्कर मारी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर बगीचा की ओर चला गया, ताकि घटना सामान्य सड़क दुर्घटना जैसी लगे।
🟠बोलेरो जब्त, मुख्य आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को 1 अक्टूबर को दबिश देकर हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन पुलिस के समक्ष पेश किए जाने पर गवाहों की मौजूदगी में उसे जब्त कर लिया गया।थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 259/2026 दर्ज कर BNS की धारा 103(1), 61(2) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5 और 6 के तहत कार्रवाई की गई हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया हैं।
🟠तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी की जा रही हैं। मामले की जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
🟠एसएसपी बोले अंधविश्वास के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया,कि प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना दिखाई देने वाला यह मामला जांच के दौरान अंधविश्वास और जादू-टोना के संदेह से जुड़ी कथित सुनियोजित हत्या के रूप में सामने आया हैं। उन्होंने बताया,कि पुलिस ने मुख्य आरोपी को बोलेरो सहित गिरफ्तार कर लिया हैं,और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी हैं।एसएसपी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा,कि अंधविश्वास या ओझा-बैगा के बहकावे में आकर किसी व्यक्ति के खिलाफ हिंसा न करें। किसी भी तरह की बीमारी,परेशानी या विवाद का समाधान कानून और उचित चिकित्सा एवं प्रशासनिक माध्यमों से किया जाना चाहिए।
🟠कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
🔸️विक्रांत कुमार सोन — थाना प्रभारी बगीचा, निरीक्षक
🔸️अनिल कामरे — सहायक उप निरीक्षक
🔸️नरेश मिंज — सहायक उप निरीक्षक
🔸️लक्ष्मण सिंह — प्रधान आरक्षक












