अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4अक्टूबर 2026
सेवा सेतु शिविर के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बैगापारा पहुंचीं। कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को अपने हाथों से खिलौने भेंट किए। रंग-बिरंगे खिलौने पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और आंगनबाड़ी केंद्र उनकी मासूम किलकारियों से गूंज उठा।बच्चों की खुशी और मासूम मुस्कान देखकर केंद्र में मौजूद अभिभावकों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई। कलेक्टर ने बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताते हुए कहा,कि खेल-खेल में सीखना बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खिलौनों के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ सीखने, सोचने और अपनी रचनात्मकता विकसित करने का अवसर मिलता हैं।
🟠गर्भवती महिलाओं की कराई गोदभराई
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की दो गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज से गोदभराई कराई और उन्हें सुपोषण किट प्रदान की।इस दौरान गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया गया। कलेक्टर ने कहा,कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित और पौष्टिक आहार के साथ समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी हैं। इससे मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सकती हैं।
🟠छह माह के बच्चों का कराया अन्नप्राशन
कार्यक्रम में छह माह की आयु पूरी कर चुके दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कलेक्टर ने अपने हाथों से बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया।उन्होंने माताओं से कहा,कि बच्चे के छह माह पूरे होने के बाद स्तनपान के साथ उचित ऊपरी आहार शुरू करना जरूरी हैं। बच्चों के बढ़ते विकास के लिए उनके भोजन, स्वास्थ्य और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
🟠सुपोषण चौपाल में दी गई जरूरी जानकारी
आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित सुपोषण चौपाल के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और अभिभावकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान खान-पान, नियमित जांच और बच्चों के शुरुआती वर्षों में पोषण की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े संदेश केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि परिवारों तक नियमित रूप से पहुंचें।
🟠आंगनबाड़ी केंद्र स्वस्थ पीढ़ी की पहली पाठशाला
कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा,कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने की जगह नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त पीढ़ी के निर्माण की पहली पाठशाला हैं। इसलिए केंद्र में आने वाले प्रत्येक बच्चे और मां की देखभाल संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ की जानी चाहिए।
🟠जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद बिरजिनिया केरकेट्टा, रीना मसीह और लक्ष्मी गुप्ता, एल्डरमैन गोपालकृष्ण मिश्रा एवं मनोज गुप्ता, सीएमओ दीपक एक्का सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।












