संदिली सिंह,रायपुर,5सितंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में,ट्रिपल आई टी नया रायपुर के निदेशक प्रोफेसर ओमप्रकाश व्यास ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘आदि वाणी’ परियोजना के अंतर्गत,विकसित गोंडी अनुवादक मोबाइल ऐप के सफल लॉन्च पर प्रोफेसर व्यास एवं उनकी टीम को हार्दिक बधाई दी और इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि इस ऐप के माध्यम से गोंडी भाषा बोलने वाले जनजातीय भाई-बहनों की आवाज़ न केवल राष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचेगी। उन्होंने कहा,कि यह तकनीक जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने, शिक्षा, शासन-प्रशासन और तकनीकी दुनिया में,उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की,कि ट्रिपल आई टी नया रायपुर भविष्य में भी इसी तरह के नवाचारी और समाजोन्मुखी अनुसंधानों से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएगा।
प्रोफेसर ओमप्रकाश व्यास ने,मुख्यमंत्री को जानकारी दी, कि इस परियोजना के अंतर्गत गोंडी भाषा के लिए टेक्स्ट-टू-स्पीच और अनुवाद प्रणाली विकसित की गई हैं। इसके माध्यम से गोंडी से हिंदी और अंग्रेज़ी तथा इसके विपरीत अनुवाद संभव होगा। अब यह सुविधा मोबाइल ऐप के रूप में उपलब्ध हैं,जिससे आम नागरिक इसे आसानी से उपयोग कर सकेंगे।
उन्होंने बताया,कि इस परियोजना में आईआईटी दिल्ली, आईआईटी हैदराबाद और बिट्स पिलानी जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थानों ने भी सहभागिता की हैं।‘आदि वाणी’ परियोजना को भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा प्रायोजित किया गया हैं।प्रोफेसर व्यास ने यह भी बताया,कि इस उपलब्धि से विशेषकर बस्तर अंचल के 30 लाख से अधिक गोंडी भाषी समुदाय को डिजिटल युग में अपनी भाषा और संस्कृति की पहचान बनाए रखने और विश्व स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।












