संदिली सिंह,रायपुर,10सितंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ में भारत सरकार की राहवीर योजना के तहत, सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को 25,000 रुपए की नगद राशि से सम्मानित किया जाएगा। एक राहवीर यह पुरस्कार अधिकतम पाँच बार प्राप्त कर सकता हैं। यह निर्णय छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में लिया गया।
बैठक में परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा,कि विशेष अवसरों जैसे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर भी राहवीरों को सम्मानित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने अधिकारियों को योजना के गंभीर और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को स्कूल और कॉलेजों में विद्यार्थियों को जागरूक करने, स्वयंसेवी संगठनों से सहयोग लेने, और मालवाहक वाहनों में यात्री ढोने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दोपहिया वाहनों में हेलमेट और चार-पहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य करने के आदेश भी जारी किए गए।
राहवीरों का चयन जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सक और जिला परिवहन अधिकारी की समिति द्वारा किया जाएगा और पुरस्कार राशि DBT के माध्यम से सीधे राहवीरों के खाते में भेजी जाएगी।बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन गति नियंत्रित करने, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय करने, और आवारा पशुओं को हटाने के लिए भी निर्देश दिए गए। इसके लिए राज्य में 113 काउ केचर टीम और 22 पेट्रोलिंग टीम गठित की गई हैं।
बैठक में विधायक अनुज शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक अरुण देव गौतम, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।












