संदिली सिंह,रायपुर,13सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय डेंटल कॉन्फ्रेंस 2025 का शुभारंभ करते हुए कहा,कि प्रदेश की 3 करोड़ जनता के आरोग्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा, कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसी दिशा में बीते 20 महीनों में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
🟠स्वास्थ्य अधोसंरचना में बड़े बदलाव
मुख्यमंत्री ने बताया,कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा तेजी से बढ़ा हैं। जहाँ वर्ष 2000 में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, आज 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा 5 नए मेडिकल कॉलेज, 12 नर्सिंग कॉलेज, 5 फिजियोथैरेपी कॉलेज और सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना की जा रही हैं।आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत मरीजों और बुजुर्गों को निःशुल्क इलाज और सस्ती जेनेरिक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
🟠दंत चिकित्सकों की अहम भूमिका पर जोर
मुख्यमंत्री ने पान मसाला और तंबाकू से बढ़ते मुँह के कैंसर के मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा,“मानव की मुस्कान सबसे कीमती है और उसे सुरक्षित रखने में दंत चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।”
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से मुँह और दाँत से जुड़ी बीमारियों के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।
🟠छत्तीसगढ़ विजन 2047 और आर्थिक लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने बताया,कि छत्तीसगढ़ विजन 2047 डॉक्यूमेंट के तहत 10 मिशन बनाकर राज्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य तय किया गया हैं। वर्तमान में राज्य का जीएसडीपी 5 लाख करोड़ हैं, जिसे 2047 तक 75 लाख करोड़ तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया हैं।उन्होंने कहा,कि “छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया” की भावना के साथ प्रदेश विकास की नई इबारत लिखेगा।
🟠नक्सल प्रभावित इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएँ
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया,कि नक्सल प्रभावित व दूरस्थ अंचलों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट और बाइक एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा,कि सुकमा जिले के चिंतागुफा स्वास्थ्य केंद्र को एनक्यूएएस सर्टिफिकेट मिलना इस दिशा में उठाए गए कदमों की सफलता का प्रमाण हैं।
🟠दंत कॉन्फ्रेंस में देशभर के चिकित्सकों की भागीदारी
इस अवसर पर इंडियन डेंटल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ. अरविंद कुमार, पूर्व प्रेसिडेंट डॉ. राजीव सिंह, कॉन्फ्रेंस चेयरमैन डॉ. वैभव तिवारी समेत देशभर से आए दंत चिकित्सक उपस्थित रहे।












