संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़/3नवंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित राज्योत्सव 2025 में इस बार छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाने वाली जनसम्पर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं। प्रदर्शनी में राज्य की योजनाओं, उपलब्धियों और प्रगति की झलक देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
एलईडी स्क्रीन और फोटो गैलरी के माध्यम से यहां महतारी वंदन योजना, नियद नेल्ला नार, कृषक उन्नति योजना, पीएम आवास, पीएम सूर्य घर, जल जीवन मिशन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन मजदूर कल्याण योजना जैसी प्रमुख योजनाओं की जानकारी आकर्षक ढंग से प्रदर्शित की गई हैं। साथ ही सड़क, बिजली, सिंचाई और रेल नेटवर्क में हुई प्रगति को भी विस्तार से दिखाया गया हैं।
प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक वाद्य यंत्रों को भी जगह दी गई हैं, जिन्हें देखने में लोग विशेष रुचि दिखा रहे हैं। जनसम्पर्क विभाग द्वारा यहां पर आगंतुकों के लिए कई उपयोगी प्रकाशन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं — जिनमें ‘उदित छत्तीसगढ़’, ‘छत्तीसगढ़ बजट 2025-26’, ‘हम सबके राम’, ‘जनादेश रिपोर्ट’, ‘जशपुर हिंदी’, ‘वंडर्स ऑफ दंतेवाड़ा’, ‘जनमन’ जैसी पत्रिकाएं और पॉम्पलेट शामिल हैं।
लोगों ने इस प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा,कि यह राज्य की प्रगति को नजदीक से समझने का बेहतरीन माध्यम हैं। इससे नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ के विकास की गाथा जानने का अवसर मिल रहा हैं। साथ ही, यहां वितरित की जा रही प्रकाशन सामग्री प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक साबित हो रही हैं।












