Nexis News

लोगों से अच्छा व्यवहार रखकर ईमानदारी से करें काम : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,17जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने कहा हैं,कि शासकीय सेवक के रूप में लोगों से अच्छा व्यवहार रखते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा,कि फील्ड में किया गया आपका कार्य सीधे आम जनता के जीवन से जुड़ा होगा, इसलिए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ सेवा देना अत्यंत आवश्यक हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के माध्यम से चयनित 44 नए हैंडपंप तकनीशियनों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी नवनियुक्त तकनीशियनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ में पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नया हेल्पलाइन नंबर 1916 भी जारी किया। उन्होंने कहा, कि इस नंबर के माध्यम से आम नागरिक अपनी पेयजल से जुड़ी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे, जिनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

नवनियुक्त तकनीशियनों को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा,कि आज से आपके जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो रहा हैं। यह आपकी मंजिल नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। यहां से आपको नई जिम्मेदारियां, नई चुनौतियां और नया कार्यक्षेत्र मिलेगा। ऐसे में आपको स्वयं को मानसिक और व्यावसायिक रूप से तैयार रखना होगा। उन्होंने कहा,कि शासकीय नौकरी सपनों को साकार करने की दिशा में पहला कदम हैं और इसे सेवा के अवसर के रूप में देखें।कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने कहा,कि प्रदेश में 29 हजार से अधिक नल-जल योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 7000 से अधिक योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने कहा,कि नवनियुक्त तकनीशियन विभाग की ग्राउंड-लेवल टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे और उन्हें फील्ड में पूरी निष्ठा से कार्य करना होगा।

कार्यक्रम को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!