संदिली सिंह,लैलूंगा,छत्तीसगढ़,24जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लैलूंगा के तत्वावधान में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत विकासखंड लैलूंगा के विभिन्न ग्रामों में व्यापक जनचेतना अभियान चलाया गया। इस क्रम में ग्राम फूलीकुंडा, लारीपानी, राजा आमा और मोहनपुर में जन चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
जन चौपाल के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को धीरे-धीरे समाप्त करने का आरोप लगाते हुए इसका कड़ा विरोध किया। वक्ताओं ने कहा,कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के करोड़ों मजदूरों, किसानों, महिलाओं और आदिवासियों की जीवनरेखा हैं। इसके माध्यम से ग्रामीणों को 100 दिन का सुनिश्चित रोजगार मिलता हैं, जिससे पलायन रुकता है, आर्थिक सुरक्षा बनी रहती हैं, और गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होती हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी,कि यदि मनरेगा को कमजोर या समाप्त किया गया, तो इससे बेरोजगारी, गरीबी और सामाजिक असमानता में भारी वृद्धि होगी, जिसका सबसे ज्यादा असर गरीब और श्रमिक वर्ग पर पड़ेगा।
🟠कांग्रेस सड़क से संसद तक करेगी संघर्ष : विद्यावती सिदार
जन चौपाल से पूर्व ग्राम फूलीकुंडा में लैलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार, नवनियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण रायगढ़ अध्यक्ष नगेंद्र नेगी एवं जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव का कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का सम्मान भी किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए,विधायक विद्यावती सिदार ने कहा,कि मनरेगा को खत्म करना सीधे-सीधे ग्रामीणों से काम का अधिकार छीनने जैसा हैं। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी कदम के खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।
🟠भाजपा सरकार मजदूर और गरीब विरोधी : कांग्रेस
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण रायगढ़ अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने कहा,कि भाजपा सरकार मजदूर विरोधी और गरीब विरोधी हैं,तथा केवल बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही हैं। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा,कि मनरेगा समाप्त होने से गांवों की रीढ़ टूट जाएगी।
सभा को पूर्व विधायक हृदय राम राठिया, पीसीसी सदस्य वीर सिंह राठिया,आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिलीप केरकेट्टा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र साह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। अंत में ग्रामीणों से मनरेगा की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।












