संदिली सिंह,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,6जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
बलरामपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए,दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं। लगभग डेढ़ माह तक चली जांच, साइबर ट्रैकिंग और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी और शराब सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को मध्यप्रदेश के बैढ़न क्षेत्र से अवैध शराब लेकर एक बोलेरो वाहन (CG 15 A 6984) छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा था। तुगवा बॉर्डर बैरियर पर जवानों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बैरियर को टक्कर मारते हुए जवानों को कुचलने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही,रघुनाथनगर थाना और बलांगी चौकी पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस दबाव बढ़ता देख चालक ने रघुनाथनगर के पास एक बंद पेट्रोल पंप के समीप कच्चे रास्ते में वाहन छोड़ दिया और फरार हो गया। पुलिस ने मौके से शराब से भरी बोलेरो जब्त कर मामला दर्ज किया।
🟠साइबर जांच से खुला राज
पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में रघुनाथनगर पुलिस, बलांगी चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। साइबर जांच के दौरान पता चला,कि मुख्य आरोपी देवनंदन कुशवाहा (25 वर्ष) घटना के बाद झारखंड के गढ़वा जिले स्थित अपने ससुराल में छिपा हुआ हैं।पुलिस ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बोलेरो वाहन सस्ते दाम पर खरीदकर शराब तस्करी के लिए उपयोग में लिया था। उसने बताया कि मध्यप्रदेश के बैढ़न स्थित कचनी शराब भट्टी से करीब 94 हजार रुपये में शराब खरीदी थी।
🟠शराब सप्लायर भी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शराब सप्लायर मृत्युंजय जायसवाल (29 वर्ष) निवासी साहिबगंज, झारखंड को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने शराब बिक्री से संबंधित लेन-देन और भुगतान की जानकारी दी।दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।
🟠पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धीरेंद्र तिवारी, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक हिम्मत सिंह शेखावत, साइबर आरक्षक आकाश तिवारी सहित रघुनाथनगर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












