संदिली सिंह,जशपुर,छत्तीसगढ़,7जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
जशपुर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से,बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम बेतरा में पुलिस जन-चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, सुझाव लिए और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।जन-चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) कुंज राम चौहान, महिला आरक्षक सुषमा भगत, मधु मंजरी तिर्की, शर्मिला सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
🟠पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने की पहल
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों को जशपुर पुलिस की महत्वाकांक्षी ‘पुलिस मितान’ योजना की जानकारी देते हुए बताया,कि इसका उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं समन्वय को मजबूत करना हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाली समस्याओं, विवादों और अपराधों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचने से उनका त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और गांव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
🟠नागरिकों को बताए उनके अधिकार और पुलिस की जिम्मेदारियां
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली, नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों और पुलिस की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा,कि पुलिस का कार्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आमजन को सुरक्षा प्रदान करना, कानून व्यवस्था बनाए रखना और समाज में शांति एवं सौहार्द का वातावरण स्थापित करना भी हैं।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या अपराध की जानकारी मिलने पर पुलिस हमेशा जनता की सहायता के लिए तत्पर हैं।
🟠वन-टू-वन चर्चा में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
जन-चौपाल के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने ग्रामीणों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना। कई ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।उन्होंने लोगों से अपील की,कि गांव या आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध कारोबार या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
🟠नशे के खिलाफ चलाया जागरूकता अभियान
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा हैं। अधिकांश लोग शौक, जिज्ञासा या गलत संगति के कारण इसकी शुरुआत करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे यह आदत लत में बदल जाती हैं।उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और शिक्षा, खेलकूद तथा सकारात्मक गतिविधियों में अपना समय लगाएं। उन्होंने कहा,कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है तथा कई अपराधों की जड़ भी बनता हैं।
🟠सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर दिया जोर
उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) कुंज राम चौहान ने सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए, कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं।उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही तेज रफ्तार, मोबाइल फोन के उपयोग और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचने की सलाह दी।
🟠ग्रामीणों ने की पुलिस की पहल की सराहना
ग्रामीणों ने जशपुर पुलिस द्वारा आयोजित जन-चौपाल की सराहना करते हुए कहा,कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत होता हैं। इससे लोगों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलता हैं।कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज, सड़क सुरक्षा, कानून पालन और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के संदेश के साथ हुआ।












