न्यूज डेस्क,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,10जून2026
जिले के तखतपुर में जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कें एक बार फिर गंभीर हादसे का कारण बन गईं। नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर ईंटों से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आकर एक युवक और एक बच्चा घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में फंस गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। ट्रैक्टर के पलटते ही उसमें भरी ईंटें सड़क पर बिखर गईं और पास से गुजर रहे लगभग 40 वर्षीय युवक तथा एक बच्चा ईंटों के ढेर में दब गए।
🟠स्थानीय लोगों ने बचाई जान
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए,ईंटों का ढेर हटाया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
🟠सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना हैं, कि यह मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं और सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधियों ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल की हैं।
🟠भूमि पूजन हुआ, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन एक महीने से अधिक पहले हो चुका हैं। सड़क चौड़ीकरण और निर्माण के लिए बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।ग्रामीणों और व्यापारियों ने चेतावनी दी हैं,कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना हैं,कि प्रशासन की लापरवाही के कारण लोगों की जान जोखिम में पड़ रही हैं।
🟠प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने और गड्ढों को तत्काल भरने की मांग की हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।












