न्यूज डेस्क,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,13जून2026
धार्मिक नगरी रतनपुर के बिकमा तालाब में सोमवार सुबह,उस समय लोगों में कौतूहल और हलचल मच गई, जब तालाब के बाहर एक गट्टे में मगरमच्छ के 6 बच्चे दिखाई दिए। अचानक मगरमच्छ के बच्चों को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए और मौके पर भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ ने तालाब किनारे अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में बच्चे बाहर निकले हैं। सुबह तालाब में नहाने पहुंचे लोगों की नजर जब इन बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रतनपुर पुलिस और वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय वार्ड पार्षद मनोज कुमार पाटले भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस, वन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से मगरमच्छ के सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर वन विभाग कार्यालय पहुंचाया गया।इसके बाद वन विभाग की टीम ने सभी 6 मगरमच्छ के बच्चों को सुरक्षित रूप से खुटाघाट डैम में छोड़ दिया, ताकि वे प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रह सकें।
स्थानीय लोगों का कहना हैं,कि बिकमा तालाब में अभी भी करीब तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई हैं। वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही हैं और लोगों से तालाब के आसपास सावधानी बरतने की अपील की गई हैं।वन विभाग और प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि यदि कहीं मगरमच्छ दिखाई दे या किसी प्रकार की वन्यजीव गतिविधि नजर आए तो तत्काल इसकी सूचना विभाग या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।












