Nexis News

विद्यार्थियों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, बलरामपुर में 50 स्कूल बसों की जांच, 13 बसों पर कार्रवाई

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,13जून 2026नए शिक्षा सत्र के शुरू होने से पहले विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, जिला प्रशासन ने स्कूल और कॉलेज बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल बसों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई वाहनों में सुरक्षा संबंधी खामियां पाई गईं।

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के बाद 12 जून को शंकरगढ़, रामानुजगंज और वाड्रफनगर क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में जिला परिवहन विभाग, पुलिस एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।अभियान के दौरान रामानुजगंज में 20, शंकरगढ़ में 17 और वाड्रफनगर में 13 स्कूल एवं कॉलेज बसों की जांच की गई। इस प्रकार कुल 50 बसों का निरीक्षण किया गया।जांच के दौरान बसों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, मोटरयान कर, चालक लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही स्पीड गवर्नर, हेडलाइट, ब्रेक लाइट, इंडिकेटर, स्टेयरिंग, टायर, वायपर, ब्रेक, हॉर्न, सीट व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान शंकरगढ़ की 5 और रामानुजगंज की 8 बसों में विभिन्न खामियां पाई गईं। इसके बाद परिवहन विभाग ने कुल 13 बसों पर कार्रवाई करते हुए 14 हजार रुपये का चालान किया। साथ ही संबंधित विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

विशेष अभियान के दौरान बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह से पीड़ित चालकों को नियमित दवा लेने तथा कमजोर दृष्टि वाले चालकों को चश्मे का उपयोग करने की सलाह दी गई।अधिकारियों ने बस संचालकों को क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में नहीं बैठाने, यातायात नियमों का पालन करने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन से शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने की अपील की हैं।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!