न्यूज डेस्क,चंद्रपुर,छत्तीसगढ़,13जून2026
जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे,विशेष अभियान के तहत चंद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। पुलिस ने मिरौनी चौक के पास अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.4 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की हैं।पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सुमित गुप्ता के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी अभियान के तहत थाना चंद्रपुर पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस को 11 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली, कि ग्राम हरदी निवासी गिरधारी लाल चौहान अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में अवैध शराब रखकर मिरौनी चौक की ओर जा रहा हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की।जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में मोटरसाइकिल की डिक्की से कुल 5 लीटर 400 मिलीलीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की गई। आरोपी की पहचान गिरधारी लाल चौहान (46 वर्ष), पिता सोनसाय चौहान, निवासी ग्राम हरदी, थाना चंद्रपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राम गिलाश लहरे, आरक्षक राजेश पैकरा, माधुलाल सिदार एवं मुकेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।












