अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,13जून 2026
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस रोककर चालक और परिचालक के साथ मारपीट एवं लूट की वारदात को, अंजाम देने वाले चार आरोपियों को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया हैं। घटना के बाद आरोपी नाकाबंदी से बचकर फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की लगातार पतासाजी के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को दलधोवा घाट स्थित शिव मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोतीश्री बस को रोककर कुछ युवकों ने बस चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट की थी तथा लूट की घटना को अंजाम देकर बोलेरो वाहन से फरार हो गए थे। मामले में थाना कोतवाली बलरामपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सभी थानों में, नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की गई, लेकिन अंधेरे और जंगल क्षेत्र का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर लगातार तलाश अभियान चलाया गया।जांच के दौरान मुख्य आरोपी जितेन्द्र गुप्ता को एमसीबी जिले के पटना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस कुमार दूबे, चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू और दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र गुप्ता के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक UP64AT6717 को जब्त कर लिया हैं।पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेजा जा रहा हैं।इस कार्रवाई को बलरामपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा हैं। पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












