अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,14जून 2026
जिले के पास्ता थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के,खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए,पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 नशीले इंजेक्शन, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 जून को सूचना प्राप्त हुई थी,कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की बैंगनी-सफेद रंग की यामाहा मोटरसाइकिल में नशीले इंजेक्शन लेकर शंकरगढ़ की ओर से परता की तरफ आ रहा हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी पास्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ ग्राम बासेन के कोदोडीपा-कोलावाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी की।
कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम अतिकुर रहमान (54 वर्ष), निवासी ग्राम बासेन, थाना पास्ता बताया। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की से चार सीलबंद पैकेट बरामद हुए।जांच में दो पैकेटों से 50 नग Pheniramine Maleate (Avil) इंजेक्शन तथा दो अन्य पैकेटों से 50 नग Buprenorphine (Rexogesic) इंजेक्शन बरामद किए गए। आरोपी इन नशीले इंजेक्शनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100 नशीले इंजेक्शन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की यामाहा मोटरसाइकिल जब्त कर ली। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।पास्ता पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












