न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,15जून2026
सरगुजा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे,विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया हैं। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया हैं।
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी,कि अंबिकापुर शहर में नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप खपाने की तैयारी की जा रही हैं। सूचना के आधार पर टीम ने गांधी नगर थाना क्षेत्र के सरना मैदान और धोबीपारा इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान वाहिद अंसारी नामक युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान ग्राम बहराडीह, लुंड्रा निवासी के रूप में हुई, जो वर्तमान में अंबिकापुर के पटपरिया क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।
🟠200 नशीले इंजेक्शन बरामद
आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर आबकारी टीम को 100 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 100 नग एविल इंजेक्शन बरामद हुए। कुल 200 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।प्रारंभिक जांच में सामने आया हैं,कि आरोपी इन इंजेक्शनों को शहर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की तैयारी में था। हालांकि आबकारी विभाग ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
🟠NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
🟠मुख्य सप्लायरों की तलाश जारी
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया,कि मामले की जांच जारी हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय मुख्य सरगनाओं की जानकारी जुटाई जा रही हैं। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती हैं।आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












