Nexis News

24 जून को ग्राम संसद में होंगे बड़े फैसले, आवास प्लस 2.0 की अंतिम सूची पर लगेगी मुहर

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,16जून2026

प्रदेश के गांवों में विकास की दिशा और प्राथमिकताएं तय करने के लिए,24 जून को छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश पर आयोजित होने वाली इन ग्राम सभाओं में आवास, रोजगार, विकास कार्यों, पंचायतों के आय-व्यय और ग्रामीण हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।इस बार ग्राम सभा का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा आवास प्लस 2.0 रहेगा, जिसके तहत हजारों ग्रामीण परिवारों की आवास संबंधी उम्मीदों पर फैसला होगा।

🟠आवास प्लस 2.0 की सूची का होगा सार्वजनिक वाचन

ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जाएगा। इसके बाद शासन की गाइडलाइन और एसओपी के अनुसार पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी।यदि किसी ग्रामीण को सूची में नाम जोड़ने, हटाने या सुधार संबंधी आपत्ति होगी, तो वह ग्राम सभा में अपना दावा प्रस्तुत कर सकेगा। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण करने के बाद अंतिम सूची को ग्राम सभा की स्वीकृति मिलेगी और उसे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

🟠गांव के विकास कार्यों का होगा सामाजिक परीक्षण

ग्राम सभाओं में पंचायतों द्वारा किए गए विकास कार्यों की समीक्षा भी होगी। पिछले प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई, पंचायतों की आय-व्यय स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ग्रामीणों के सामने रखी जाएगी।इस दौरान ग्रामीण सीधे पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों से सवाल पूछ सकेंगे तथा विकास कार्यों के संबंध में सुझाव भी दे सकेंगे।

🟠रोजगार और आजीविका मिशन पर होगी विशेष चर्चा

ग्राम सभाओं में विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों को रोजगार के अवसर, आजीविका संवर्धन और शासन की नई योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।

🟠जनभागीदारी से मजबूत होगी लोकतंत्र की नींव

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी ग्रामीणों से ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की हैं। विभाग का मानना हैं,कि ग्राम विकास से जुड़े निर्णयों में लोगों की सीधी भागीदारी से योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ती हैं,और विकास कार्यों की गुणवत्ता भी बेहतर होती हैं।24 जून को होने वाली ग्राम सभाएं केवल एक बैठक नहीं बल्कि गांवों के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित होंगी।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!