Nexis News

बिजली बिल वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,18जून 2026

बढ़ती बिजली दरों और लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों के विरोध में,जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चांदो चौक में एकत्रित होकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। शहीद चौक से शुरू हुआ विरोध मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए, बिजली विभाग कार्यालय पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती बिजली दरों को लेकर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया,कि प्रदेश में बिजली दरों में लगातार हो रही वृद्धि से आम उपभोक्ता, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा हैं। महंगाई से पहले ही जूझ रही जनता के लिए बढ़े हुए बिजली बिल परेशानी का बड़ा कारण बन गए हैं। उन्होंने कहा,कि सरकार को तत्काल बिजली दरों की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करनी चाहिए।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से राहत देने के वादे किए गए थे, लेकिन वर्तमान में बिजली बिलों में बढ़ोतरी से आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में कमी नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रदर्शन स्थल और बिजली विभाग कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कानून व्यवस्था बनी रही।प्रदर्शन के दौरान एक बड़ी दुर्घटना टल गई। जानकारी के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खड़े वाहनों के पास आगजनी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी, लेकिन समय रहते उसे नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही हैं, और आगे भी बढ़ती बिजली दरों के खिलाफ आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने सरकार से तत्काल बिजली बिलों में राहत देने और आम जनता को महंगाई से राहत पहुंचाने की मांग की।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!