Nexis News

सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा पर सरगुजा से रवाना हुआ 87 प्रतिभाओं का दल, संस्कृति और स्वाभिमान का संदेश लेकर पहुंचेगा सोमनाथ

न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,22जून2026

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” के तहत सरगुजा संभाग के साहित्यकारों, कलाकारों, सांस्कृतिक कर्मियों एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं का दल सोमवार को विशेष ट्रेन से सोमनाथ के लिए रवाना हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं खाद्य मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य, सोमनाथ मंदिर के निर्माण के 1000 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय गौरव और भारतीय परंपराओं को नई ऊर्जा प्रदान करना हैं।यात्रा के शुभारंभ अवसर पर प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस विशेष सांस्कृतिक यात्रा में छत्तीसगढ़ की प्रमुख नदियों का पवित्र जल कलशों में संग्रहित कर तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की पावन मिट्टी साथ लेकर सोमनाथ के लिए प्रस्थान किया गया हैं। सोमनाथ पहुंचने पर इन कलशों के जल एवं मिट्टी से विशेष पूजन-अभिषेक किया जाएगा।

सरगुजा जिले से इस यात्रा में कुल 87 चयनित प्रतिभागी शामिल हुए हैं, जिनमें साहित्य, कला, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल हैं। यात्रा के दौरान प्रतिभागी न केवल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे, बल्कि गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थलों और लोक परंपराओं का भी अवलोकन करेंगे।यात्रा में शामिल साहित्यकारों और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों ने इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा,कि यह यात्रा सांस्कृतिक आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एकता और भारतीय विरासत के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।सरगुजा से यात्रा में शामिल प्रमुख प्रतिभागियों में राजेश तिवारी, रंजीत सारथी, सुरेंद्र साहू, डॉ. अंचल कुमार सिन्हा, रानू साहू, सुधीर पाठक, आचार्य दिग्विजय सिंह तोमर एवं राजेंद्र विश्वकर्मा सहित कई साहित्यकार और सांस्कृतिक कर्मी शामिल हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!