अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,27जून 2026
बलरामपुर जिले के विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत, ग्राम पंडरी के बछरूडूबा आंगनबाड़ी केंद्र में अब बच्चों और महिलाओं को फिर से नियमित सेवाओं का लाभ मिलने लगा हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर प्रशासन ने आंगनबाड़ी भवन को मुक्त कराकर महिला एवं बाल विकास विभाग को पुनः सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद केंद्र में पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और अन्य विभागीय गतिविधियां दोबारा शुरू हो गई हैं।प्रशासन की जांच में पाया गया कि आंगनबाड़ी भवन पर कुंती देवी, पति मुनेश्वर लाल द्वारा ताला लगाकर निजी उपयोग किया जा रहा था। इसके कारण केंद्र का संचालन लंबे समय से प्रभावित था और बच्चों, गर्भवती तथा शिशुवती माताओं को मिलने वाली आवश्यक सेवाएं बाधित हो रही थीं।
कलेक्टर के निर्देश एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वाड्रफनगर के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग, ग्राम पंचायत और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम ने 25 जून 2026 को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। संबंधित पक्ष की सहमति से भवन का ताला खुलवाकर उसे खाली कराया गया और विधिवत महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंप दिया गया।भवन उपलब्ध होते ही आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए पूरक पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं को मिलने वाली विभागीय सेवाएं नियमित रूप से शुरू कर दी गई हैं।प्रशासन का मानना हैं,कि केंद्र के पुनः संचालित होने से क्षेत्र के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार होगा, प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंच सकेगा।











