अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,14जुलाई 2026
जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से, सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत विशेष सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया गया हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे,इस अभियान के माध्यम से योजनाओं से वंचित पात्र परिवारों की पहचान कर,उन्हें विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से जोड़ा जाएगा।अभियान के तहत जनपद पंचायत रामचंद्रपुर की सभी 94 ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा हैं।
इस दौरान केंद्र एवं राज्य शासन की 31 हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित जानकारी एकत्र की जा रही हैं,ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके,कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।सर्वे के दौरान गैप एनालिसिस भी किया जा रहा हैं,जिसके माध्यम से उन परिवारों की पहचान होगी जिन्हें अब तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला हैं। इसके बाद लाभ नहीं मिलने के कारणों का विश्लेषण कर पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
सर्वेक्षण को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिनों की संयुक्त टीम बनाई गई हैं। वहीं, क्लस्टर और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों द्वारा सर्वे कार्य की लगातार निगरानी की जा रही हैं।सर्वे के दौरान रोजगार, राशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जा रही हैं। अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के सीईओ रणवीर साय ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए।












