न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,24जुलाई 2026
अंबिकापुर में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर से आज सुबह दो अपचारी बालक बाथरूम के रोशनदान की ग्रिल तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद केंद्र और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया हैं। फरार बालकों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम विभिन्न स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
🟠योग के दौरान मिला फरार होने का मौका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह नियमित दिनचर्या के तहत सभी अपचारी बालक योग करने के लिए उठे थे। इसी दौरान दो बालकों ने बाथरूम में जाकर रोशनदान की लोहे की ग्रिल तोड़ दी और वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही केंद्र प्रबंधन ने तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।
🟠जघन्य अपराधों में शामिल किशोर रखे जाते हैं, यहां
प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर में ऐसे अपचारी बालकों को रखा जाता हैं, जिनकी आयु 16 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम होती हैं,तथा जो जघन्य अपराधों के मामलों में निरुद्ध रहते हैं। ऐसे केंद्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहती हैं,लेकिन इसके बावजूद बालकों का फरार होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा हैं।
🟠फरार बालकों की तलाश में पुलिस की घेराबंदी
घटना के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों अपचारी बालकों की तलाश कर रही हैं।गौरतलब हैं,कि कुछ ही दिन पहले प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर के समीप स्थित बाल संप्रेषण गृह से भी 13 अपचारी बालक फरार हो गए थे। लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।प्रशासन फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाया जा रहा हैं,कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई।












