न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,28जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुटरी में शराब को लेकर हुए,विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी की हाथ, मुक्कों और लात से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं।पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को ग्रामीणों से सूचना मिली कि दुबेश्वरी बाई (46 वर्ष) अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला के गले और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका हुई।शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने स्पष्ट किया,कि शरीर पर लगी बाहरी और अंदरूनी गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हुई हैं। रिपोर्ट के आधार पर सिटी कोतवाली जशपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया गया।
🟠पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस ने मृतका के पति जगेश्वर राम (48 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने स्वीकार किया,कि घटना वाले दिन शराब नहीं मिलने और सब्जी बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने पत्नी के साथ हाथ, मुक्कों और लात से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
🟠आरोपी भेजा गया जेल
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी हैं।
🟠एसएसपी ने दी जानकारी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया,कि पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को त्वरित कार्रवाई करते हुए,गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।












